
रायपुर, 23 सितंबर 2026, 4.15 pm : छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में बड़े बदलाव के अंतर्गत पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है । सिद्धार्थ शंभू प्रदेश के सहप्रभारी बने है ।
दरअसल, छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी का पद नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद रिक्त था ।
अब पार्टी ने इस पद पर स्मृति ईरानी की नियुक्ति की गई है । स्मृति ईरानी को अगस्त में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था । पार्टी की घोषित टीम में उन्हें उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर शामिल किया गया था । साथ ही सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली थी ।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है और ऐसे में प्रदेश प्रभारी की भूमिका संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण होती है। प्रभारी की जिम्मेदारी में प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा तथा पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना शामिल रहता है। स्मृति ईरानी के साथ, सह प्रभारी बने सिद्धार्थ शंभू की प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में दोनों नेताओं की भूमिका अहम होगी ।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने अगस्त में पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था । नई टीम में छत्तीसगढ़ से भी कई नेताओं को राष्ट्रीय जिम्मेदारियां मिली हैं । रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया था ।
अब प्रदेश संगठन पर रहेगी नई जिम्मेदारियों के साथ नजर
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू की नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में समन्वय का दौर शुरू होगा ।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव भी स्वास्थ्य लाभ लेकर आज शाम छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं । प्रदेश प्रभारी और सहप्रभारी की नियुक्ति के बाद अब आने वाले समय में संगठनात्मक बैठकों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा में इन दोनों नेताओं की भूमिका देखने को मिलेगी।