शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़… राजनांदगांव पुलिस भी तैयार…

Spread the love

राजनांदगांव, 11 अक्टूबर 2026, 21.15 hrs : शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सुव्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं ।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है ।

जानकारी मिली है कि नवरात्रि पर्व के दौरान 30 राजपत्रित अधिकारी, 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी तथा 1,100 से अधिक अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवानों सहित कुल 1,100 से अधिक पुलिस बल श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेगा ।

माँ बम्लेश्वरी ऊपर और नीचे मंदिर, मेला क्षेत्र, दर्शन मार्ग, रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा । श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने, आवागमन सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय रहेंगी ।

इसके अलावा अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए क्राइम टीम तैनात रहेगी । रेलवे स्टेशन, प्रमुख प्रवेश मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी । पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सहायता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ।

श्रद्वालुओं के वाहन की सुरक्षा के लिए डोंगरगढ़ के प्रत्येक पार्किंग स्थल पर CCTV एवं प्रकाश व्यवस्था रहेगी ।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डोंगरगढ़ आने वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात प्रबंधन किया गया है । प्रमुख मार्ग निम्नानुसार हैं—

* अंजोरा बायपास से डोंगरगढ़ मार्ग।
* तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ मार्ग।
* चिचोला–बिराटलाब–खैरागढ़ मार्ग।

इन मार्गों पर यातायात का सुचारु संचालन, आवश्यकतानुसार डायवर्जन, वाहनों की आवाजाही का नियमन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा । वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित यातायात मार्गों एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन खड़ा न करें ।

पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष पहल : नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात्रि में पदयात्रा कर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं । पदयात्रियों की सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजनांदगांव पुलिस द्वारा 20,000 रेडियम स्टिकर वितरित किए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को सड़क पर चल रहे श्रद्धालुओं को पहचानने में आसानी होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी ।

नवरात्रि मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष पुलिस बल की तैनाती की जा रही है । पुलिस की विभिन्न टीमें भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अपराध रोकथाम, कानून-व्यवस्था एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए मुस्तैद रहेंगी ।

पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ दर्शन एवं आवागमन को यथासंभव सुगम बनाना है । विभिन्न स्थानों पर पुलिस की सतत मौजूदगी एवं आपसी समन्वय के माध्यम से संपूर्ण आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए जाएंगे ।

नवरात्रि मेले के दौरान किसी भी विपरीत परिस्थिति, आपात स्थिति अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर श्रद्धालु राजनांदगांव पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं ।

इसके अतिरिक्त डोंगरगढ़ में शिरपानी डोम, ऊपर मंदिर एवं नीचे मंदिर परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है । श्रद्धालु किसी भी समस्या की स्थिति में निकटतम पुलिस अधिकारी अथवा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को तत्काल सूचित करें ।

पुलिस बल श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

राजनांदगांव पुलिस द्वारा माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं से निम्नलिखित सावधानियां बरतने की अपील की जाती है—

* कीमती सामान साथ लाने से बचें: यात्रा के दौरान अनावश्यक आभूषण, बड़ी नकदी एवं अन्य मूल्यवान वस्तुएं लेकर न आएं । अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें ।
* बच्चों का विशेष ध्यान रखें: भारी भीड़ में माता-पिता बच्चों को अपने साथ रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें । बच्चों को अपने अभिभावकों का नाम एवं मोबाइल नंबर याद करवाएं अथवा संपर्क विवरण लिखकर उनके पास रखें ।
* बिछड़ने की स्थिति में घबराएं नहीं: यदि कोई बच्चा अपने अभिभावकों से बिछड़ जाए अथवा परिवार का कोई सदस्य भीड़ में अलग हो जाए, तो निकटतम पुलिसकर्मी या संबंधित कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क करें।
* निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें: वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सड़क पर अनावश्यक भीड़ या जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दें।
* यातायात नियमों का पालन करें: पुलिस द्वारा जारी मार्ग एवं डायवर्जन संबंधी निर्देशों का पालन करें और पदयात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
* संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें: किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असुविधा अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

माँ बम्लेश्वरी मंदिर के अतिरिक्त जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों—माँ शीतला मंदिर, माँ पायल भैरवी मंदिर एवं माँ करेला भवानी मंदिर—में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *