
रायपुर, 8 अप्रैल 2026, 11.15 am : फैशन की दुनिया में भारत का परचम लहराते हुए रायपुर की भूमिका यादव ने इतिहास रच दिया है । सिर्फ 19 साल की उम्र में वह लग्जरी ब्रांड _चैनल_ के लिए रनवे पर वॉक करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय मॉडल बन गई हैं । उनकी इस उपलब्धि ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है और ‘सांवली सुंदरता’ पर नई बहस छेड़ दी है ।
रायपुर की गलियों से निकला सितारा
भूमिका की कहानी किसी परीकथा से कम नहीं है । उन्हें किसी बड़े मेट्रो फैशन हब में नहीं, बल्कि उनके गृहनगर रायपुर की सड़कों पर खोजा गया था । मॉडलिंग एजेंसी निंजाज़ मॉडल मैनेजमेंट के मुताबिक, भूमिका का जन्म 27 जनवरी 2006 को हुआ था और उनकी जड़ें बिहार से जुड़ी हैं ।

एजेंसी ने 2 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर लिखा, “भूमिका यादव को उनके गृहनगर की सड़कों पर खोजा गया, एक ऐसी यात्रा जिसने भारत में गहरे जड़े हुए सौंदर्य मानदंडों को चुनौती दी ।” भूमिका को अक्सर ‘काली’ कहकर पुकारा जाता है, लेकिन उन्होंने इस टैग को अपनी ताकत बना लिया । एजेंसी ने कहा, “वह एक आकर्षक सांवली भारतीय सुंदरता हैं, जबकि हकीकत यह है कि भारत का अधिकांश हिस्सा इसी रंग को दर्शाता है ।”

तेज रफ्तार करियर
सामाजिक दबावों को पीछे छोड़ते हुए भूमिका ने बेहद कम समय में बड़ा मुकाम हासिल किया है। अब तक वह तीन बार _चैनल_ के लिए वॉक कर चुकी हैं और _अमेरिकन वोग_ के साथ भी काम कर चुकी हैं। फिलहाल 20 साल की भूमिका पेरिस में रहती हैं और फ्रांस, भारत व यूके के बीच अपना करियर संभाल रही हैं।
दिसंबर 2025 में भविता मंदावा के चैनल शो ओपन करने के बाद, भूमिका अब छत्तीसगढ़ से निकलकर वैश्विक मंच पर चमकने वाली नई ट्रेलब्लेज़र बन गई हैं ।
‘दाल-चावल’ पसंद करने वाली इंटरनेशनल मॉडल
हाई-फैशन की चकाचौंध के बावजूद भूमिका बेहद ज़मीन से जुड़ी हैं। उनकी एजेंसी के मुताबिक, “वह मानती हैं कि जीवन अवसरों से भरा है और प्रतिस्पर्धा या ईर्ष्या में यकीन नहीं रखतीं। उनका फेवरेट कम्फर्ट फूड आज भी साधारण दाल-चावल है।”
भूमिका की इस सादगी और सफलता ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया है। एजेंसी ने सवाल उठाया कि क्या भारतीय मीडिया ‘असली भारत की विविधता’ को अपनाने के लिए तैयार है, या अभी भी ‘गोरे रंग’ को ही तरजीह देगा।
सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़
इंस्टाग्राम पर भूमिका की तस्वीरें वायरल होते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “क्या खूबसूरत चेहरा है।” दूसरे ने कहा, “वह भारतीय महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं!!” किसी ने लिखा, “इतनी गरिमा और ताकत के साथ भारत को गर्व महसूस करा रही हैं।” कई यूजर्स ने कहा कि इंटरनेशनल लग्जरी फैशन में भारत का ऐसा प्रतिनिधित्व और बढ़ना चाहिए।
भूमिका यादव और भविता मंदावा जैसी मॉडल्स फैशन इंडस्ट्री में बदलाव का प्रतीक बन रही हैं — जहां अब ‘असली भारत’ दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित रनवे पर दिख रहा है।
डिस्क्लेमर : यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी पर आधारित है।